• 75 नावों पर मंत्री सारंग ने निकाली तिरंगा यात्रा
  • गृहमंत्री ने विभाजन विभीषिका डिजिटल प्रदर्शनी का उद्घाटन किया


भोपाल । देश-प्रदेश के साथ-साथ राजधानी भोपाल भी इस वक्त आजादी के अमृत महोत्सव का जश्न मना रही है। घर-घर तिरंगा लहराया जा रहा है। जगह-जगह तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इसी सिलसिले में रविवार सुबह बड़ी झील में नौकाओं पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसके साथ-साथ ड्रोन के जरिए आसमान में भी तिरंगा फहराया गया। वहीं बाइक रैली की शक्ल में सैकड़ों युवा हाथ में तिरंगा थामे सड़कों पर निकल पड़े। इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग समेत बड़ी संख्या में नेता व नगरवासी वोट क्लब पर मौजूद रहे। भोपाल में सीएम शिवराज सिंह चौहान के अलावा मंत्री विश्वास सारंग, भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा तिरंगा यात्राएं निकाली। मप्र के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल के बड़े तालाब पर 75 बोट पर तिरंगा यात्रा निकाली। शनिवार को सारंग ने 75 किलोमीटर की बाइक रैली निकालकर हर घर तिरंगा अभियान की शुरूआत की थी। लगभग 2 घण्टे तक चली इस अनूठी तिरंगा यात्रा का समापन बोट क्लब पर हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं ने भारत माता के नारे लगाते हुए यात्रा का स्वागत किया। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने 75 नावों पर सवार प्रत्येक व्यक्ति को लाइफ जैकेट दिए। जिससे किसी भी प्रकार की अनहोनी न हो। 75 नावों की तिरंगा यात्रा में भोपाल महापौर मालती राय, एसडीआरएफ, पुलिस प्रशासन के अधिकारी गण एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

पीएम मोदी की अपील पर तिरंगामय हुआ भोपाल
सारंग ने कहा कि हमने 75 किलोमीटर की बाइक से तिरंगा यात्रा निकाली थी। इसके बाद रविवार को आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर जल में तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं। थल पर 75 बाइक के बाद जल में 75 नावों पर तिरंगे लहरा रहे हैं। इसके साथ ही आकाश में ड्रोन के माध्यम से तिरंगा लहरा रहे हैं। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में तिरंगा लहरा रहा है।

ड्रोन से आकाश में लहराया तिरंगा
तिरंगा यात्रा में जहां नावों पर तिरंगा लहरा रहा था। वहीं दूसरी तरफ बड़े तालाब के पास ड्रोन से तिरंगा फहराया गया। इसी के साथ बोट क्लब के समीप बड़ी संख्या में युवाओं ने बाइक पर तिरंगा यात्रा निकाली। देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत यह यात्रा जल-थल-नभ पर राष्ट्र ध्वज तिरंगा लहराता नजर आया।

रामेश्वर शर्मा ने निकाली तिरंगा यात्रा
हुजुर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कोलार के सर्वधर्म पुल से तिरंगा यात्रा की शुरूआत की। हाइड्रोलिक के जरिए तिरंगा फहराकर विधायक रामेश्वर शर्मा की तिरंगा यात्रा डागा मोटर्स के सामने चुनाभट्टी से अटल पथ श्रीराम मंदिर जोड़, बाणगंगा चौराहा, राजा भोज सेतु, कलेक्टर कार्यालय के सामने वाले फ्लाइओवर से होते हुए लालघाटी फ्लाइओवर तक पहुंची।

तिरंगा यात्रा के शुभारंभ के मौके पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व भारत प्रगति कर रहा है। आज विदेश में भारत का सम्मान बढ़ा है। देखना एक दिन भारत का तिरंगा इस्लामाबाद, लाहौर तक फहराता दिखेगा। आज कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक तिरंगा फहराया जा रहा है। जन-जन देशभिक्त का जज्बा देखने को मिल रहा है।