देश में लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय सतर्क हो गया है। इसी बीच केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने शुक्रवार को सात राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश को पत्र लिखा है।केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कोविड-19 निगरानी को मजबूत करने के लिए आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और स्वास्थ्य सचिव को पत्र लिखा है। जिन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश को पत्र भेजा गया है उनमें दिल्ली, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और राजस्थान शामिल हैं।

भारत में लगातार दो दिन नए मामलों में बढ़ोतरी देखी गई थी। हालांकि शुक्रवार को सात फीसदी की कमी दर्ज की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार 11 हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि गुरुवार को यह संख्या 12 हजार से अधिक थी। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि देश में शुक्रवार सुबह तक कोरोना के सक्रिय मामले 66 हजार 170 तक पहुंच गए। यानी इतने लोग संक्रमित होने के बाद या तो अस्पताल में भर्ती हैं या घर पर ही अपना इलाज करा रहे हैं।