भोपाल । अयोध्या में बने श्री राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर प्रदेश की राजधानी भोपाल भी रामभक्ति के रंग में डूबा है। मंदिर के साथ-साथ शासकीय इमारतें भी आकर्षक रोशनी से जगमगा रही हैं। घर-घर भगवा ध्वज लहरा रहे हैं। पुष्प, फूलमालाओं, हल्दी-कुंकुम समेत पूजा पाठ से जुड़ी सामग्री की जमकर बिक्री हो रही है। मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ चल रहा है।कालोनियों, बाजारों, चौक-चौराहों पर एलईडी लगाई हैं, जहां प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा। दीपावली की तरह दीप जलाकर और भव्य आतिशबाजी कर श्री रामोत्सव मनाया जाएगा।श्री पशुपतिनाथ नेपाली समाज के अध्यक्ष विष्णु प्रसाद शर्मा ने बताया कि श्री पशुपतिनाथ मंदिर गोविंदपुरा में भजन मंडली, भजन कीर्तन करेगी। एलईडी लगाकर आयोजित होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का इंटरनेट मीडिया पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। शहर के उपनगर कोलार के फाइन एवेन्यू फेस-दो कालोनी के पार्क में श्रीरामोत्सव का आयोजन रखा गया है। कालोनी के रहवासी बबलू नेमा ने बताया कि प्रभु का विधि-विधान से पूजन किया जाएगा। इसके बाद आरती की जाएगी। शामिल होने वाले और कालोनी की सड़क से निकलने वाले श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जाएगी। श्री अखिल भारतीय कायस्थ महासभा जिला भोपाल महिला द्वारा श्री चित्रगुप्त धाम नेवरी मंदिर प्रांगण लालघाटी में सुबह 11 बजे से सुंदरकांड के पाठ का आयोजन रखा गया है। इस शुभ अवसर पर महिलाएं रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा। कोलार रोड में कोलार हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में सोमवार को दिनभर कई आयोजन किए जा रहे हैं। कोलार हिंदू उत्सव सचिव रवींद्र यती ने बताया कि सोमवार को सुबह 11 बजे बीमाकुंज स्थित मैदान में विशाल पूजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व खजुराहो लोकसभा सदस्य वीडी शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी सहित संघ परिवार के कई पधाधिकारी व सदस्य शामिल होंगे। आल इंडिया भेल एम्प्लोई यूनियन की ओर से सोमवार दोपहर 12 बजे से भेल फाउंड्री गेट पर प्रसादी का वितरण किया जाएगा। मीडिया प्रभारी आशीष सोनी ने बताया की 500 वर्षो के सतत संघर्ष का अंततः अंत हुआ है। संगीतमय सुंदरकांड पाठ व प्रसादी वितरण के साथ श्री राम प्राण-प्रतिष्ठा उत्सव मनाया जाएगा। इसमें भेल के कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहेंगे। पुराने शहर के प्राचीन से श्री बड़वाले महादेव मंदिर में प्रभु श्री राम जी के स्वरुप में विराजमान कर भव्य श्रृंगार किया जाएगा। समिति के संयोजक संजय अग्रवाल ने बताया कि 5100 दीपों से पूरे मंदिर को सजाया जाएगा। मंदिर परिसर में भगवा बंधनवार लगाए गए हैं। गर्भ ग्रह में रंगोली और दीपमालाएं जलाई जाएगी। रात आठ बजे श्रृंगार दर्शन कर महाआरती एवं प्रसाद वितरण होगा। इससे पहले सुबह सात बजे प्रभात फेरी निकाली गई। सोमवारा जय भवानी मंदिर कफ्र्यू वाली माता मंदिर में छह क्विंटल लड्डूओं का भोग लगाया जाएगा। मंदिर समिति के पदाधिकारी व सदस्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। लालघाटी प्राचीन गुफा मंदिर में प्रभु श्रीराम की महाआरती होगी। रामधुन, हनुमान चालीसा का पाठ भी होगा। वैदिक पंडितों की ओर विधि-विधान से धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। गुफा मंदिर प्रांगण में मेला भी लगेगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।भेल इस्कान मंदिर में प्रभु श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन रखा गया है।दयानंद चौक व्यापारी संघ जुमेराती द्वारा सुंदरकांड, 11 हजार से दीपों से उत्सव, आतिशबाजी की जाएगी।कर्फ्यू श्री हनुमंत सेवा आश्रम सात नंबर शिवाजी नगर भगवान श्रीराम के विग्रह का अभिषेक, दीपोत्सव सुंदरकांड का पाठ।सुभाष नगर शिव मंदिर समिति द्वारा सुबह नौ बजे से सुंदरकांड।राधा कृष्ण मंदिर दाता कॉलोनी एयरपोर्ट रोड पर 11 हजार दीयों से उत्सव मनेगा।शीतला माता मंदिर टीला जमालपुरा में 5100 दीप जलेंगे। 11 क्विंटल लड्डुओं से रामदरबार को 56 भोग, एक घंटे तक आतिशबाजी होगी। रिवेरा टाउन में हनुमान मंदिर महावीर हनुमान की प्राण-प्रतिष्ठा, कलश पूजन।पल्लवी नगर बावडियाकला स्थित सर्व सिद्धेश्वर शिव मंदिर में मां दुर्गा की प्राण- प्रतिष्ठा कार्यक्रम होगा।शहर के नेहरू नगर करुणाधाम आश्रम में धार्मिक अनुष्ठान होंगे। सुबह सात बजे से धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए हैं, जो पूरे दिन चलेंगे। करुणाधाम आश्रम के चारों तरफ मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे। इसमें आश्रम के पीठाधीश्वर सुदेश शांडिल्य महाराज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। महाआरती के बाद प्रसादी का वितरण किया जाएगा।