भोपाल  ।   पुलिस के मुताबिक सुषमा गौड़ (37) अमरावद खुर्द स्थित ग्लेक्सी सिटी में रहती थी और अरेरा हिल्स स्थित एक शासकीय कार्यालय में सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ थी। उसके पति आशीष कुमार भेल कारखाने में नौकरी करते हैं। दोनों की पांच साल की एक बेटी है। शुक्रवार को सुषमा को जन्मदिन था। उसकी इच्छा थी कि पति आज घर पर रहे और जन्मदिन को ठीक से मनाया जा सके। इधर पति सुबह काम पर चला गया। जाते समय उसने जल्दी वापस लौटने का बोला था, लेकिन देरी से घर पहुंचा। इस कारण सुषमा बाजार नहीं जा पाई।

फांसी पर लटकी मिली

इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। झगड़े को शांत करने के लिए आशीष मकान की पहली मंजिल पर पत्नी को छोड़कर ग्राउंड फ्लोर पर चला गया। उसके पीछे बेटी भी नीचे पहुंच गई। काफी देर बाद भी सुषमा नीते नहीं उतरी और उसकी आवाज भी नहीं आई तो आशीष उसे देखने के लिए कमरे में पहुंचा तो वह फांसी पर लटकी मिली। उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम के लिए भेज दिया। मृतका के मंडला में रहने वाले मायके वालों को घटना की जानकारी दे दी गई है।