दतिया में कांग्रेस, भाजपा में कार्रवाई •पंकज पाठक•
ज्यों-की-त्यों धर दीन्हि चदरिया
घनश्याम सिंह जीते, आशुतोष तिवारी हारे
भाजपा की समीक्षा कमेटी बनते ही पूरी दतिया भाजपा भंग
भोपाल। मप्र के हाई-प्रोफाइल—दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने एक रोमांचक और त्रिकोणीय मुकाबले में भारतीय जनता पार्टी के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों के अंतर से हरा दिया। आज़ाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दमोदार सिंह यादव 22000 से अधिक वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। इस प्रकार कांग्रेस ने पूर्व में हुए विजयपुर विधानसभा उपचुनाव में तो अपनी सीट बचा ही ली थी—इस सीट को भी वापस अपने क़ब्ज़े में ले लिया है। इस सीट पर गत 30 जुलाई को 71.44 प्रतिशत मतदान हुआ था।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणामों की समीक्षा के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन कर समिति में प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे एवं वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा सदस्य बनाया है। समिति ने अपनी रिपोर्ट खंडेलवाल को प्रस्तुत कर दी है। इसके बाद खंडेलवाल के निर्देश पर जिला भाजपा के अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारी, जिला कार्यकारिणी सदस्य, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प एवं विभागों सहित जिला संगठन की विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है।
यह उपचुनाव—2023 के विधानसभा चुनाव में जीते कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने के कारण हुआ था, जिन्होंने पूर्व गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा को पराजित किया था। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से नरोत्तम जीते थे। लेकिन इसी बीच अप्रैल 2026 में दिल्ली की एक अदालत ने कांग्रेस के इस चुनाव के विजयी विधायक राजेंद्र भारती को बैंक धोखाधड़ी के मामले में तीन साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई थी।
इस बार चुनाव इसलिए दिलचस्प हो गया, क्योंकि पार्टी ने क़द्दावर नेता नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिया, जिसके कारण उनके तीन हज़ार नाराज़ कार्यकर्ताओं ने दतिया में ऐसा हिंसक विरोध प्रदर्शन किया, वैसा भाजपा के इतिहास में कभी नहीं हुआ। बावजूद इसके भाजपा नेतृत्व ने नरोत्तम या उनके कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की थी। लेकिन कांग्रेस ने पिछले बार के अपने विधायक राजेंद्र भारती को पार्टी से निकाल दिया।
हालाँकि दतिया कांग्रेस की परंपरागत सीट है, जिस पर वह चुनाव जीतती आयी है। इसी तरह से विजयपुर की सीट भी कांग्रेस की परंपरागत सीट है। इस चुनाव में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की स्थिति में सुधार आया है और उनका क़द थोड़ा बढ़ गया है, लेकिन भाजपा संगठन और सरकार की पूरी ताक़त झोंकने के बाद भी भाजपा ये सीट कांग्रेस से छीन नहीं पाई। जबकि भाजपा के राष्ट्रीय नेता शिवप्रकाश, डॉ महेन्द्र सिंह, अजय जामवाल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सबको साथ लेकर चलने की रणनीति अपनाई थी, बावजूद इसके भाजपा सफल नहीं हो सकी।
भाजपा के पराजित प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने अपनी भड़ास निकालते हुए कहा है कि पार्टी नेतृत्व निश्चित रूप से भीतरघातियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करेगा। टिकट कटने से नरोत्तम मिश्रा काफ़ी असहज थे। दतिया में हिंसा के बाद पार्टी ने उन्हें तलब भी किया था। उन्होंने नेतृत्व को आश्वासन दिया था कि वे पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को जिताने में कोई कमी नहीं रखेंगे। नामांकन पत्र दाख़िल करते समय नरोत्तम मंच पर भाषण देते हुए अत्यंत भावुक हो गए थे और कहा था कि वे आशुतोष को जिताकर ही लाएंगे। लेकिन न तो वे हिंसा को रुकवा सके और न ही पार्टी को जितवा सके। राजनीतिक पर्यवेक्षक इस परिणाम को नरोत्तम की जीत मान रहे हैं और यह भी कह रहे हैं कि हिंसक-कार्यकर्ताओं और इसके ज़िम्मेदार लोगों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं होने के कारण ही भाजपा की पराजय हुई है और इससे संगठन में अच्छा संदेश नहीं गया है। नरोत्तम को इसका जवाब तो देना होगा, क्योंकि ग्वालियर के बाद डबरा और अब दतिया उनका क्षेत्र है, जो ढह गया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा है कि हम परिणाम को स्वीकार करते हैं और पराजय की समीक्षा करेंगे। इसका जो भी परिणाम आएगा, उसके अनुसार पार्टी अपनी आगामी रणनीति बनाएगी। भाजपा यह मानती है कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है—कोई कितने भी बड़े पद पर हो, अनुशासन सब पर लागू होता है। यदि पार्टी को समीक्षा के बाद ऐसा लगा कि अनुशासनहीनता की गई है, तो पार्टी निश्चित ही कार्रवाई करेगी।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि हमने कमलनाथ के क्षेत्र छिंदवाड़ा की सीट अमरवाड़ा, जो कांग्रेस का गढ़ था, उसे छीन लिया था। लोकतंत्र में जनगेश सर्वोपरि है, हम उसका सम्मान करते हैं और उसी के अनुरूप आगे कार्य करेंगे।
ब्रिक्स मंच पर दिखी गर्मजोशी, पीएम मोदी ने सिर्फ एक नेता को लगाया गले
भारतीय मूल की महिला की हत्या से सनसनी, एयरटैग से पीछा कर घर में घुसा आरोपी
ब्रिक्स ओपन सेशन आज 10:50 बजे, चार देशों के राष्ट्राध्यक्षों से मिलेंगे पीएम मोदी
सागर शराब कांड: तीन आरोपियों के शस्त्र लाइसेंस रद्द, हथियार जमा करने के निर्देश