राष्ट्रपति ने पूरे परिसर का भ्रमण किया। राष्ट्रपति की यात्रा और सुरक्षा के मद्देनजर सभी आगंतुकों के लिए मठ को मंगलवार को सुबह कुछ समय के लिए बंद रखा गया। सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच सुबह नौ बजे मुर्मू कोलकाता से बेलूर मठ के लिए रवाना हुई थीं...

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को बेलूर मठ का दौरा किया और श्री श्री ठाकुर रामकृष्ण परमहंस और मां के दर्शन किए। राष्ट्रपति मठ के मुख्य मंदिर के साथ-साथ परिसर में स्वामी विवेकानंद के कमरे में भी गईं जहां स्वामी जी ध्यान लगाते थे। राष्ट्रपति दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल आईं हैं, मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे का दूसरा दिन है।

राष्ट्रपति की अगवानी मिशन के महासचिव स्वामी सुविरंदाजी महाराज ने की। 19वीं सदी के अंत में स्वामी विवेकानंद द्वारा स्थापित रामकृष्ण मिशन के वैश्विक मुख्यालय इस 'मठ' परिसर की मंदिर वास्तुकला हिंदू, इस्लामी, ईसाई और बौद्ध कला और रूपांकनों के मिश्रण के लिए उल्लेखनीय है। राष्ट्रपति ने पूरे परिसर का भ्रमण किया। राष्ट्रपति की यात्रा और सुरक्षा के मद्देनजर सभी आगंतुकों के लिए मठ को मंगलवार को सुबह कुछ समय के लिए बंद रखा गया। सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच सुबह नौ बजे मुर्मू कोलकाता से बेलूर मठ के लिए रवाना हुई थीं। यहां आधे घंटे तक रहने के बाद वह यूको बैंक के 80 साल पूरे होने के समारोह में शामिल हुईं।

दोपहर बाद राष्ट्रपति गुरुदेव रवींद्र नाथ टैगोर द्वारा स्थापित विश्वभारती विश्वविद्यालय के वार्षिक दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। मुर्मू सोमवार को कोलकाता पहुंचीं थीं और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पैतृक आवास नेताजी भवन का दौरा किया था। उन्होंने टैगोर परिवार के घर जोरासांको का भी दौरा किया था। शाम को नेताजी इंडोर स्टेडियम में उनका नागरिक अभिनंदन किया गया, जहां राज्यपाल सीवी आनंद बोस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मौजूद थीं।