• सोशल मीडिया कॉन्क्लेव में चुनावी रंग मेें दिखे सीएम, राहुल दिग्गी कमलनाथ पर निशाना 


भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को उज्जैन में आयोजित दो दिवसीय सोशल मीडिया कॉन्क्लेव का शुभारम्भ कर संबोधन के दौरान कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि हमने वह दौर भी देखा है जब लोग भगवा पहनने में डरते थे। जो लोग भगवान राम को काल्पनिक बताते थे। जो कभी राम के अस्तित्व को नकारते थे वे लोग अब राम नाम की माला जप रहे हैं। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा कि ऐसे लोग अब माथे पर त्रिपुंड लगाकर महाकाल महाराज के चरणों में साष्टांग दंडवत कर लेटे हुए दिख रहे है। अपनी यात्राओं में भी महाकाल महाराज के नाम की गूंज कर है। विचारों के इस बदलाव को लाने में सोशल मीडिया ने अहम भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा अपना विश्वास है भौतिकता की अग्नि में दंडवत विश्व मानवता को शांति के दर्शन कोई कराएगा तो वह है हमारा भारत। उन्होंने कहा कि एक नरेंद्र कहा था 100 साल से ज्यादा समय हो गया है। जो अंधा है देख नहीं सकते जो बहरे हैं वह सुन नहीं सकते लेकिन मैं स्पष्ट रूप से देख रहा हूं कि भारत माता एक बार फिर उठ कर खड़ी हो रही है और विश्व गुरु के पथ पर अग्रसर हो रही है। नरेंद्र स्वामी विवेकानंद ने कहा था मेरा विश्वास है कि दूसरे नरेंद्र के नेतृत्व में युग होगा नरेंद्र मोदी। मुख्यमंत्री ने आदिवासी वीर योद्धाओं की चर्चा करते हुए कहा हमारे क्रांतिकारी आदिवासी नायक हुए उनकी समाधि पर एक दिया नहीं जलता है जिनके लहू से हमें मिली थी आजादी वतन डगमगा रहे थे मकबरे उनके जो बेचा करते थे शहीदों के कफन। इसीलिए हमने मध्यप्रदेश में शहीदों के एक से एक स्मारक बनवाए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सिंहस्थ में उज्जैन शहर का कोई मंदिर नहीं छोड़ा सभी का जिर्णोद्वार करवाया। सरकार का पैसा है जनता का पैसा है। धर्म के काम में लगना चाहिए मंदिर में काम नहीं होंगे तो कहां होंगे।

लव चल सकता है जिहाद नहीं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लव जिहाद पर कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर लव चल सकता है। जिहाद नहीं चल सकता है। मध्यप्रदेश की धरती पर धर्मांतरण का खेल नहीं चलने देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया पर पहले मैं भरोसा करता था ना ज्यादा ध्यान देता था। मीडिया मतलब इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया लेकिन मैं मानता हूं कि आज के युग में अगर आपको अपने विचारों का प्रसार करना है। अच्छे कामों को जन तक ले जाना है तो सोशल मीडिया अपरिहार्य है। सोशल मीडिया ने जो परिवर्तन किया है उससे देश की मानसिकता ही बदल गई।

मुख्यमंत्री ने दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान संबोधन के दौरान कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधा। नक्सलवाद पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बार मध्यप्रदेश में नक्सलवादी सिटिंग मिनिस्टर की गर्दन काट ले गए थे। उस दौरान दिग्विजयजी मुख्यमंत्री हुआ करते थे। हमारी सरकार आते ही हमने महाराष्ट्र मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ कि सीमा पर नक्सलवाद को आगे नहीं बढऩे दिया। आज इसी साल हमारी पुलिस ने 6 नक्सली मारे है जिन पर एक करोड़ 14 लाख रुपए का इनाम था। मुख्यमंत्री ने कहा राष्ट्र विरोधी गतिविधि मप्र में चलने नहीं देंगे। पहले मध्य प्रदेश में मालवा में कुआं में एके-47 मिलती थी। हमने मध्य प्रदेश में सिमी के नेटवर्क को पूरी तरह से खत्म कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा भोपाल जेल से कुछ लोगों ने निकलने की कोशिश की थी। ज्यादा दूर नहीं जा पाए थे। आतंक फैलाने वाले देश के दुश्मन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होंगे। मध्यप्रदेश की भूमि पर गुंडागर्दी दादागिरी माफियाओं पर दो-चार दिन के अंतराल में बुलडोजर चलता रहता है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में कानून बनाया है कि मासूम बिटिया की तरफ किसी ने गलत निगाह से देखा तो फांसी की सजा होगी। उन्होंने कहा कि फांसी की सजा सुनाई तो जाती है  फांसी देने में कठिनाई होती है। सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रपति जी तक मामला जाता है लेकिन ऐसे मामलों में बुलडोजर दूसरे दिन ही चल जाता है।

मप्र से सारे डाकू समाप्त किए
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2006 में मैंने कहा था कि मध्यप्रदेश में या तो डाकू रहेंगे या हम रहेंगे। 1 साल के अंदर सारे डाकू समाप्त कर दिए। सूचीबद्ध डकैतों के सारे गिरोह समाप्त किए। कोई डकैत पनप नहीं पाया चंबल के बीहड़ में। पहले गांव वाले शाम को 5 बजे बाद घरों से नहीं निकलते थे लेकिन अब वहां अटल एक्सप्रेस-वे बना रहे है। शानदार फोरलेन रोड बना रहे है ताकि बीहड़ की जमीन पर इंडस्ट्री डाल सकें।

कांग्रेस ने फिर से झूठे वादा करना शुरू कर दिए
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान पूरी तरह से चुनाव के रंग में दिखाई दिए। उन्होने कांग्रेस पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं गंवाया। मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने फिर से झूठे वादे करना शुरू कर दिए हैं। उनके वचन पत्र में जो वचन दिए थे वे वचन पूरे नहीं किए। उन्होंने कहा कि अब मैं लगातार कमलनाथ से पूछूंगा कि जो वादे किए थे वे पूरे क्यों नहीं किए। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि कांग्रेस ने वचन पत्र में कहा था हम गेहूं चना सरसों चावल कोई भी फसलों के लिए बोनस देंगे लेकिन सवा साल में एक को भी बोनस दिया क्या? कमलनाथ जी आखिर झूठ की भी हद होती है।

नर्मदा मैया का आशीर्वाद बना रहे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि आज नर्मदा जयंती पर नर्मदा मैया से यही प्रार्थना करते हैं कि वह मध्यप्रदेश में कृपा और आशीर्वाद की वर्षा करें। उनकी कृपा से हमको बिजली सिंचाई के लिए पानी पीने के लिए पानी मिलता है। उनकी कृपा सदैव बनी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा नर्मदा जयंती के दिन ही मैंने संकल्प लिया था। रोज एक पेड़ लगाउंगा। आज उस संकल्प को 2 वर्ष पूर्ण हो गए और तीसरा वर्ष प्रारंभ हो गया है। मुझे खुशी है कि मैंने लोगों से आह्वान किया कि था कि अपने जन्मदिन के दिन एक पेड़ लगाओ। आज प्रदेश में लगभग 68 लाख पेड़ लग चुके है। अंकुर एक अभियान बन गया है।